MCX पर सोना-चांदी में फिर तेजी, 10 ग्राम सोना 1.50 लाख पार  

बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में फिर से उछाल दर्ज किया गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना 1,429 रुपये मजबूत होकर 10 ग्राम के लिए 1,50,252 रुपये पर पहुंच गया, जबकि चांदी में 1,450 रुपये की तेजी के साथ एक किलोग्राम का भाव 2,26,900 रुपये रहा।

इससे एक दिन पहले मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत दो महीने बाद पहली बार 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे आ गई थी। स्थानीय मांग कमजोर रहने और अमेरिकी डॉलर मजबूत होने के कारण सोने के भाव में 1,400 रुपये की गिरावट आई। स्थानीय बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत लगातार दूसरे दिन घटी और सभी करों सहित यह 1,48,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। सोमवार को यह भाव 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। इससे पहले 31 जुलाई को सोना इसी दायरे में 1,48,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

चांदी की कीमत मंगलवार को 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। पिछले कारोबारी सत्र में इसमें 5,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि शुक्रवार को यह 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।