ऑस्ट्रेलिया के लोकप्रिय ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय खिलाड़ी ने टी-20 इंटरनेशनल के साथ-साथ घरेलू प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि वे बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते रहेंगे। टीम ने उनका अनुबंध 2027-28 सीजन तक बढ़ा दिया है।
मैक्सवेल ने यह फैसला ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर साझा किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला थोड़ा दुखद है, लेकिन समय के साथ अनिवार्य भी लग रहा था। उन्होंने विक्टोरिया के लिए घरेलू 50 ओवर और चार दिवसीय मैचों से भी दूरी बनाने का फैसला लिया है।
पिछले साल जून में ही मैक्सवेल वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे। इसके बाद वे टी-20 टीम के लिए उपलब्ध रहे और 2026 के टी-20 विश्व कप में खेले। उस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया। उनका अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी में ओमान के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने गेंदबाजी में दो विकेट लिए।
मैक्सवेल ने बताया कि विश्व कप से पहले और बाद में टीम मैनेजमेंट से कई बार बात हुई। युवा खिलाड़ियों को मौका देने और 2028 ओलंपिक की तैयारी को देखते हुए चयनकर्ताओं ने नई दिशा अपनाई। उन्होंने MCG पर एक विदाई मैच खेलने की छोटी सी उम्मीद जताई थी, लेकिन स्क्वाड में जगह न मिलने पर उन्होंने इस फैसले को स्वीकार कर लिया।