ट्रंप के चुनाव से पहले ही अमेरिका-ईरान में टकराव! केश्म द्वीप पर लगातार 5 धमाके

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव से महज कुछ घंटे पहले अमेरिकी सेना ने ईरान के केश्म द्वीप पर सीमित सैन्य कार्रवाई की है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार सोमवार देर रात इस द्वीप पर लगातार पांच जोरदार धमाके सुनाई दिए।

ईरान की सरकारी एजेंसी आईआरएनए ने बताया कि केश्म द्वीप पर विस्फोटों की आवाजें तेजी से एक के बाद एक आईं। स्थानीय लोगों ने आसमान में दो विमान उड़ते हुए देखने की बात कही। पास के बंदर लेंगेह क्षेत्र में भी समुद्र की दिशा से धमाकों की आवाजें दर्ज की गईं।

अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से वॉल स्ट्रीट जर्नल और अन्य मीडिया ने पुष्टि की कि अमेरिकी बलों ने केश्म द्वीप पर हमला किया। अधिकारियों ने इसे “रक्षात्मक कार्रवाई” बताया। उनका कहना है कि ईरान की तरफ से अमेरिकी विमानों और परिसंपत्तियों पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के इस्तेमाल के जवाब में यह कदम उठाया गया। अमेरिका ने इस ऑपरेशन को जानबूझकर चुपचाप अंजाम दिया, ताकि इसे बड़े पैमाने पर युद्ध की वापसी न समझा जाए।

केश्म द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य के मुहाने पर स्थित है और ईरान के लिए रणनीतिक महत्व रखता है। यहां सैन्य सुविधाएं मौजूद बताई जाती हैं।

उधर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उसने केश्म द्वीप के दक्षिण में दो अमेरिकी जासूसी ड्रोन (एमक्यूएम-170) को इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम की मदद से निशाना बनाया और कब्जे में लिया। आईआरजीसी के मुताबिक अब तक ऐसे कई ड्रोन उसके नियंत्रण में आ चुके हैं। अमेरिकी पक्ष ने इन दावों की अभी पुष्टि नहीं की है।