वेतन नहीं मिलने पर आशा-ऊषा कार्यकर्ता करेंगी हड़ताल

मुख्यमंत्री और एमडी के नाम सौंपा ज्ञापन

भोपाल: पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान आशाऊषा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एनएचआरएम कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। धरने पर बैठी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिन में वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो भूख हड़ताल की जाएगी। इसको लेकर मुख्यमंत्री और एनआरएचएम की एमडी के नाम ज्ञापन दिया है। आशा उषा कार्यकर्ता संघ की प्रदेशाध्यक्ष विभा श्रीवास्तव ने बताया कि चार महीने से वेतन नहीं मिलने से उन्हें और उनके परिवार को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। बिना वेतन के रक्षाबंधन, करवा चौथ, दीपावली का त्योहार मनाया।

कर्मचारी मंच ने सीएम को लिखा आदेश निरस्त करने का पत्र

मप्र कर्मचारी मंच ने सीएमको पत्र लिखकर डीएफओ अनूपपुर द्वारा जारी किए गए कार्यवाहक प्रभार से उच्चतर पद पर पदस्थ वन कर्मचारियों को पदावनत करने के आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। मप्र कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने इस संबंध में बताया कि मप्र शासन और वन मुख्यालय ने उच्चतर पद पर पदस्थ प्रभारी वन कर्मचारियों को पदावनत करने का कोई निर्देश जारी नहीं किया है।