राजस्थान कैडर के दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों के बीच चल रहा पारिवारिक झगड़ा अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। 2014 बैच की महिला IAS अधिकारी भारती दीक्षित ने अपने पति और साथी IAS अधिकारी आशीष मोदी के खिलाफ जयपुर के एसएमएस थाने में गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है।
भारती ने अपने पति पर बार-बार घरेलू हिंसा, मारपीट, अवैध रूप से बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी और जबरन तलाक देने का आरोप लगाया है। राजधानी के प्रशासनिक हलकों में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि दोनों ही अधिकारी उच्च पदों पर हैं। भारती दीक्षित वर्तमान में वित्त विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं, जबकि आशीष मोदी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में निदेशक हैं। भारती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एक विशेष जाँच दल का गठन किया गया है, जो दोनों पक्षों के बयानों, गवाहों और सबूतों की जाँच कर रहा है।