बिना पार्किंग करोड़ों का मेट्रो प्रोजेक्ट 8 में से सिर्फ 2 स्टेशन पर मिली जगह

भोपाल: राजधानी में करोड़ों रुपए के मेट्रो प्रोजेक्ट में प्लानिंग को लेकर काफी कमी देखी गई। कभी लेटलतीफी तो कभी यात्रियों के वाहनों की पार्किंग पर ही ध्यान नहीं दिया गया। इससे फजीहत हो रही है। गौरतलब है कि भोपाल मेट्रो पास हुई तो जल्द ही मेट्रो पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी, लेकिन मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब तक प्रायोरिटी कारिडोर के किसी भी स्टेशन पर पार्किंग नहीं है। ऐसा इसलिए, क्योंकि भोपाल मेट्रो की प्लानिंग के दौरान पार्किंग को लेकर शुरूआत में कोई योजना नहीं थी, लेकिन बाद में जब पार्किंग का मामला उठा, तब मेट्रो प्रबंधन ने पार्किंग बनाने के लिए जमीन को लेकर जद्दोजहद शुरू की। इस जद्दोजहद के बीच प्रायोरिटी कारिडोर के मात्र दो स्टेशनों के लिए बड़ी मुश्किल से अब कहीं जाकर मेट्रो प्रबंधन को जगह मिल पाई है। जबकि इस प्रायोरिटी कारिडोर पर कुल आठ स्टेशन हैं। एमपी नगर बोर्ड आफिस मेट्रो स्टेशन और एम्स मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग का निर्माण मेट्रो यात्रियों के लिए जल्द शुरू होगा।

एमपी नगर में दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग

मेट्रो प्रबंधन की माने तो भोपाल मेट्रो के संचालन से पहले उक्त दोनों स्थानों पर पार्किंग का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। एमपी नगर बोर्ड आफिस मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो यात्रियों के लिए दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। चूंकि यहां पर जगह की कमी है, इसलिए चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए यहां व्यवस्था नहीं होगी। मेट्रो प्रबंधन ने यहां पार्किंग बनाने के लिए ग्राउंड लेवल वर्क के तहत काम भी शुरू कर दिया है।