पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका रवाना, अफ्रीका के पहले G20 शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के लिए तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गए। इस दौरान वे जोहानसबर्ग में आयोजित होने वाले अफ्रीका महाद्वीप के पहले जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। साथ ही वे जी20 के इतर छठे आईबीएसए (भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे।

यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि वे शिखर सम्मेलन में भारत का पक्ष मजबूती से रखेंगे, जो ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ तथा ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ की हमारी सोच पर आधारित होगा।

विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने बताया कि जी20 वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार में निर्णायक भूमिका निभाने वाला मंच है, जिसमें दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। ये देश मिलकर वैश्विक जीडीपी का 85 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक हिस्सा रखते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जी20 ने ग्लोबल साउथ के मुद्दों को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इंडोनेशिया, भारत और ब्राजील की अध्यक्षता के दौरान शुरू की गईं कई पहलें अब दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता में आगे बढ़ रही हैं। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी अध्यक्षता के लिए ‘सॉलिडैरिटी, इक्वालिटी और सस्टेनेबिलिटी’ थीम चुनी है और इसके तहत कई प्राथमिकता वाले क्षेत्र तय किए हैं।

सचिव दलेला ने बताया कि ग्लोबल साउथ से जुड़े विषय इस बार चर्चा के केंद्र में हैं और इन पर ठोस प्रगति हुई है। जी20 के साथ-साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों जीवंत लोकतंत्र हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग के तीन मजबूत स्तंभ हैं, जिनमें राजनीतिक सहयोग भी शामिल है।

यह समिट इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि यह अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित होने वाला पहला जी20 शिखर सम्मेलन है। यह ग्लोबल साउथ के किसी देश द्वारा आयोजित लगातार चौथा जी20 सम्मेलन है। इससे पहले इंडोनेशिया (2022), भारत (2023) और ब्राजील (2024) ने अध्यक्षता संभाली थी।

प्रधानमंत्री मोदी 21 से 23 नवंबर तक जोहानसबर्ग में रहेंगे। यह उनका दक्षिण अफ्रीका का चौथा आधिकारिक दौरा होगा। इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय यात्रा पर और 2018 तथा 2023 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलनों के लिए यहां आ चुके हैं।