ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय मूल की महिला पेम वांगजॉम ने चीन के शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट पर चीनी इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा उन्हें 18 घंटे तक प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। अधिकारियों ने उनका भारतीय पासपोर्ट ‘इनवैलिड’ घोषित कर दिया।
पेम ने इंडिया टुडे से बात करते हुए बताया कि 21 नवंबर को उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान के तौर पर अरुणाचल प्रदेश लिखे होने के कारण अधिकारियों ने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया और दावा किया कि अरुणाचल चीन का हिस्सा है।
पेम का 3 घंटे का ट्रांजिट 18 घंटे के प्रताड़ना भरे हादसे में बदल गया। उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और लीगल वीज़ा होने के बावजूद उन्हें जापान जाने वाली अगली फ्लाइट में नहीं चढ़ने दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी उनका मज़ाक उड़ाते रहे और उन्हें चीनी पासपोर्ट के लिए आवेदन करने का ताना मारा।
पेम को अंततः ब्रिटेन में मौजूद एक दोस्त की मदद से शंघाई स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने के बाद रिहाई मिली। भारतीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही उन्हें वहाँ से बाहर निकाला जा सका। पेम ने इस घटना को भारत की संप्रभुता का अपमान बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिकायत की है और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।