इथियोपिया के 12 हजार साल पुराने ज्वालामुखी की राख दिल्ली के आसमान पर छाई

इथियोपिया के हेली गुब्बी ज्वालामुखी में 12 हजार साल बाद हुए भीषण विस्फोट की राख का गुबार सोमवार देर रात भारत के आसमान पर छा गया है। करीब 4300 किलोमीटर की दूरी तय करके यह राख पश्चिमी राजस्थान के रास्ते दिल्ली, हरियाणा और उत्तर भारत के कई हिस्सों पर फैल गई है।

राख का यह बादल 25,000 से 45,000 फीट की ऊँचाई पर मौजूद है, जिसके चलते जमीन पर आम लोगों को सीधा खतरा कम है, लेकिन हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ज्वालामुखी की राख विमान के इंजन को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए DGCA (डीजीसीए) ने एविएशन अलर्ट जारी किया है।

एहतियात के तौर पर एअर इंडिया ने 11 उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि इंडिगो और अकासा एयर सहित कई घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के रूट बदले गए हैं। DGCA ने सभी एयरलाइंस को राख वाले क्षेत्रों से बचने और किसी भी संदेह पर तुरंत रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, दिल्ली में AQI 400 के पार दर्ज किया गया है और आसमान में धुंधलापन बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राख का यह गुबार आज शाम तक भारत से निकलकर चीन की ओर बढ़ जाएगा।