खंडवा: अनाज मंडी में दिनदहाड़े चोरी, किसान की कार से 2.70 लाख रुपये ले उड़े चोर

खंडवा की पुरानी अनाज मंडी में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब दिनदहाड़े चोरों ने एक किसान की कार से 2 लाख 70 हजार रुपये नकद पार कर दिए। इस साहसी वारदात ने पूरे मंडी क्षेत्र में दहशत फैला दी है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, जसवाड़ी गांव के किसान अनिल पटेल खाद व अन्य सामग्री खरीदने मंडी आए थे। उनके पास रिश्तेदार द्वारा माता चौक की बैंक से निकाली गई 2 लाख 70 हजार रुपये की नकदी थी, जिसे वे उर्वरक खरीदने और पुरानी उधारी चुकाने के लिए लाए थे। किसान ने अपनी कार मंडी परिसर में खड़ी की और खाद लेने दुकान के अंदर चले गए। इसी दौरान चोरों ने मौका देखा और कार का शीशा पत्थर मारकर तोड़ दिया। सीट पर रखा बैग उठाकर चोर कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।

पूरी वारदात मंडी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक युवक कार के पास आता है, शीशा तोड़ता है और बैग लेकर तेजी से भाग जाता है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए। आरोपियों की तलाश के लिए मंडी क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है।

घटना से गुस्साए किसान अनिल पटेल ने कहा, “मेहनत की कमाई एक पल में चली गई। मंडी में दिन के समय भी सुरक्षा नहीं है, अब यहां आने से डर लगता है।”

सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया, “सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है। उनकी धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं। बहुत जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।”

इस चोरी की घटना ने पुरानी मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवालिया निशान लगा दिया है। किसान और व्यापारी अब मंडी आने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।