25 साल बाद साउथ अफ्रीका ने भारत को घर में 2-0 से हराया

भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। साउथ अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट में भारत को 408 रन के विशाल अंतर से हराते हुए दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत को उसके घर में 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। 25 साल बाद यह पहला मौका है, जब साउथ अफ्रीका ने भारत को उसके मैदान पर टेस्ट सीरीज में शिकस्त दी है।

बुधवार को बरसापारा स्टेडियम में 549 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम मात्र 140 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक 54 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से स्पिनर साइमन हार्मर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके।

रन के अंतर से यह हार भारत की ओवरऑल टेस्ट इतिहास में और घर पर सबसे बड़ी हार है। इससे पहले, भारत की सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में 342 रन का था।साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 201 रन पर आउट हो गई। दूसरी पारी में 260/5 के स्कोर पर पारी घोषित कर SA ने भारत को 549 रनों का असंभव लक्ष्य दिया था।

अवॉर्ड्स और बावुमा का अजेय रिकॉर्ड

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज में 17 विकेट लेने वाले स्पिनर साइमन हार्मर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा का टेस्ट कप्तानी में अजेय रिकॉर्ड कायम रहा। उनकी कप्तानी में टीम ने अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं हारा है।