कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग केस: गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का हैंडलर लुधियाना से गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे में हुई फायरिंग के एक मुख्य आरोपी को शुक्रवार को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी का नाम बंधु मान सिंह सेखों है, जो गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों गैंग का अहम हैंडलर बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सेखों पर फायरिंग की साजिश रचने और शूटरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से PX-3 हाई-एंड पिस्टल (मेड इन चाइना) और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि कनाडा में कपिल के कैफे पर 10 जुलाई, 7 अगस्त और 18 अक्टूबर को तीन बार फायरिंग हो चुकी है। इन तीनों वारदातों की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। पुलिस का कहना है कि सेखों लंबे समय से भारत और कनाडा के गैंगस्टरों के बीच कड़ी के तौर पर काम कर रहा था और उगाही जैसे मामलों में शामिल था। अब पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों और फंडिंग चैनल की गहन जाँच कर रही है।