शादी से दो दिन पहले भीषण सड़क हादसा में नौसेना जवान की मौत

अजमेर जिले के अरांई थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में नौसेना जवान सरदार बैरवा (23) की मौत हो गई, जिनकी 30 नवंबर को शादी होने वाली थी। सरदार बैरवा नौसेना की इंडियन लेवल शिप दर्शक यूनिट में ERA पोस्ट पर तैनात थे।

अरांई के कार्यवाहक एसएचओ छोटूलाल ने बताया कि गुरुवार शाम 7 बजे यह हादसा हुआ। जवान अपने दोस्त के साथ शादी की खरीददारी के लिए किशनगढ़ गए थे और वापस लौटते समय, छोटा लांबा गांव के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे जवान सरदार बैरवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना पर जवान के रिश्तेदार और गांव के लोग बड़ी संख्या में किशनगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर जमा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। विधायक डॉ. विकास चौधरी और पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद शुक्रवार दोपहर को परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति दी। जवान सरदार बैरवा का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव गोठियाना में भारतीय नौसेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर और राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।