आदमखोर भेड़ियों ने 5 साल के मासूम को घर से उठाया, 3 महीने में 9वीं मौत

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में आदमखोर भेड़ियों का आतंक थम नहीं रहा है। शुक्रवार शाम गोडहिया के मजरे मल्लहन पुरवा में दो खूंखार भेड़ियों ने 5 साल के मासूम स्टार पर हमला कर दिया और उसे घर के सामने से उठाकर गन्ने के खेत में खींच ले गए। इस हमले में मासूम स्टार की देर रात लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे, रोशन कुमार का बेटा स्टार घर के सामने खेल रहा था, तभी दो भेड़ियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक भेड़िया मासूम की गर्दन और दूसरे ने उसके पैर को दबोच लिया।

शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर भेड़ियों का पीछा करते हुए लगभग 500 मीटर दूर खेत में पहुँचे। बच्चा खून से लथपथ बेहोशी की हालत में मिला। ग्रामीणों ने बताया कि भेड़िए मासूम की दोनों हथेलियां और पंजे खा चुके थे।

परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उसे देर रात लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रास्ते में रात करीब 11:30 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।

सिस्टम लाचार, 3 महीने में 9वीं मौत

इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी दहशत और गुस्सा है। पिछले 3 महीने में ये खूंखार भेड़िए 8 बच्चों और 1 महिला समेत 9 लोगों की जान ले चुके हैं, जबकि 38 से अधिक लोगों को घायल कर चुके हैं।

आदमखोर भेड़ियों के आतंक को खत्म करने के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच का दौरा कर चुके थे और उन्होंने भेड़ियों को मारने के आदेश दिए थे। इसके बाद 4 भेड़ियों का एनकाउंटर भी किया गया था, बावजूद इसके खूंखार भेड़ियों के आगे पूरा सिस्टम लाचार बनकर रह गया है। 10 दिन पहले भी एक बच्ची को उठा लिया गया था, जिसका अब तक कोई पता नहीं चला है।