मन की बात: PM मोदी बोले – पुणे के युवाओं का ड्रोन जज्बा चंद्रयान-3 जैसा, भारत बनेगा कॉमनवेल्थ गेम्स का मेजबान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 128वें संस्करण में देशवासियों से संवाद किया। इस एपिसोड में उन्होंने नवंबर महीने को कई महत्वपूर्ण और प्रेरक घटनाओं से भरा बताया।

पीएम मोदी ने सबसे पहले 26 नवंबर को मनाए गए संविधान दिवस का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संसद के सेंट्रल हॉल में इस अवसर पर विशेष आयोजन हुआ। साथ ही ‘वंदे मातरम’ गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देशभर में कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि 25 नवंबर को अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवा ध्वज फहराया गया, जिसे उन्होंने एक ऐतिहासिक पल बताया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने इसरो द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ड्रोन ओलंपियाड की खूब प्रशंसा की। इस प्रतियोगिता में युवाओं को मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में जीपीएस के बिना ड्रोन उड़ाने की चुनौती दी गई थी। पीएम ने बताया कि मंगल पर जीपीएस काम नहीं करता, इसलिए ड्रोन को केवल अपने कैमरे और अंतर्निहित सॉफ्टवेयर के भरोसे उड़ना पड़ता है। कई बार ड्रोन क्रैश हो जाते थे, लेकिन हार नहीं माने। अंत में पुणे की एक युवा टीम ने विजय प्राप्त की। उनका ड्रोन भी कई बार गिरा और टूटा, मगर टीम ने बार-बार सुधार करते रहे और अंततः सफलता हासिल की।

पीएम मोदी ने इस उपलब्धि को चंद्रयान-2 की असफलता के बाद वैज्ञानिकों के हौसले से जोड़ा। उन्होंने याद दिलाया कि जब विक्रम लैंडर का संपर्क टूटा था तब पूरा देश एक पल को निराश हुआ था, लेकिन उसी रात से इसरो ने चंद्रयान-3 की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि आज का युवा इसी जज्बे के साथ आगे बढ़ रहा है और यही जज्बा विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार बनेगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि का उल्लेख किया। इस साल भारत ने 357 मिलियन टन से अधिक खाद्यान्न का उत्पादन किया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। नौसेना को मुंबई में आईएनएस महे जैसा आधुनिक जहाज मिला है, जबकि स्काईरूट एयरोस्पेस ने ‘इन्फिनिटी कैंपस’ शुरू कर निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को नई ताकत दी है।

खेल के क्षेत्र में भी अच्छी खबर सुनाते हुए पीएम ने बताया कि भारत बहुत जल्द कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है, जो देश की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय साख को दर्शाता है।