भोपाल के पास बैरसिया क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें श्योपुर जा रही एक अर्टिगा कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में अर्टिगा में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान अनीस (बालापुरा, श्योपुर), खालिद और साजिद (दोनों बगवाज, श्योपुर) तथा नावेद (किला, श्योपुर) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से जख्मी रफाकत गौरी उर्फ किंग (बालापुरा, श्योपुर) को तुरंत बैरसिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पांचों लोग भोपाल में अपना निजी काम निपटाकर श्योपुर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि अर्टिगा कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सभी यात्री उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन चार लोगों को बचाया नहीं जा सका।
दूसरी ओर, एसयूवी चला रहा सीहोर जिले का रहने वाला युवक सचिन भी इस हादसे में घायल हो गया। उसे उपचार के लिए भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।