भरतपुर के फ्लाईओवर पर युवक को टक्कर, कई गाड़ियां गुजरीं, शव क्षत-विक्षत

भरतपुर में सोमवार देर रात हुए एक भयानक सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक के ऊपर से कई गाड़ियां गुजर गईं, जिससे उसके शव के टुकड़े हाईवे पर बिखर गए। यह घटना सेवर थाना इलाके के पंछी के नगला के पास बने फ्लाईओवर पर हुई।

सेवर थाने के एएसआई अबधेश कुमार ने बताया कि रात में सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। मृतक की शिनाख्त मलाह गांव निवासी मुकेश के रूप में हुई। मुकेश के परिजनों ने बताया कि वह एक शादी समारोह में खाना खाकर लौट रहा था। रात में ओवरब्रिज क्रॉस करते समय उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से मुकेश सड़क पर गिर गया, जिसके बाद उसके ऊपर से कई वाहन एक के बाद एक गुजरते रहे। इससे मुकेश का शव क्षत-विक्षत हो गया और शव के टुकड़े ओवरब्रिज पर बिखर गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मथुरा गेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव के ऊपर से अन्य वाहन न गुजरें, इसके लिए एक गाड़ी को शव के सामने खड़ा किया गया। शव को देर रात ही आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहाँ आज उसका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।