तमिलनाडु में भारी बारिश अलर्ट: तिरुवल्लूर में रेड, चेन्नई सहित 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

तमिलनाडु में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दाब क्षेत्र कमजोर होकर अब सामान्य निम्न दबाव में बदल चुका है, लेकिन यह अभी भी चेन्नई से केवल 40 किलोमीटर और तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से करीब 25 किलोमीटर दूर समुद्र में मौजूद है। इसके प्रभाव से तटीय व आंतरिक जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आज तिरुवल्लूर जिले के लिए रेड अलर्ट, जबकि चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और रानीपेट के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई, विलुप्पुरम, कल्लाकुरिची और कुड्डालोर में येलो अलर्ट रहेगा। तीन दिसंबर को नीलगिरि, इरोड व कोयंबटूर में ऑरेंज अलर्ट तथा कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, तेनकासी, थेनी, डिंडीगुल, तिरुप्पूर, नामक्कल और सेलम में येलो अलर्ट लागू रहेगा।

मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है और तटीय क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने को कहा है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में राहत दल तैनात कर दिए हैं। कई जगहों पर जलभराव और यातायात बाधित होने की खबरें हैं तथा कुछ जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद करने पर विचार चल रहा है। अगले 24 से 48 घंटे राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए बेहद महत्वपूर्ण और सावधानी वाले रहेंगे।