नई दिल्ली। पाकिस्तान एक बार फिर राहत सामग्री भेजने को लेकर विवादों में घिर गया है। साइक्लोन दितवाह से प्रभावित श्रीलंका को भेजी गई मानवीय मदद में पाकिस्तान ने एक्सपायर्ड फूड पैकेट भेजे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान द्वारा भेजे गए दूध पाउडर, पानी और आटे के पैकेट पर एक्सपायरी डेट अक्टूबर 2024 लिखी हुई थी।
सोशल मीडिया पर खुला भेद
पाकिस्तान हाई कमीशन श्रीलंका ने 30 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस राहत सामग्री की तस्वीरों के साथ एक पोस्ट किया था, जिसमें एक्सपायरी डेट साफ नजर आ रही है। यह पोस्ट वायरल होने के बाद कई यूजर्स पाकिस्तान की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले पर अब तक पाकिस्तान का कोई आधिकारिक रिएक्शन सामने नहीं आया है।
श्रीलंका में भारी तबाही
साइक्लोन दितवाह के कारण श्रीलंका में भारी बाढ़ और तबाही मची हुई है। अब तक 390 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 370 लोग लापता हैं। देश में 11 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से लगभग 2 लाख लोग अपने घर छोड़कर शेल्टर होम में रहने को मजबूर हैं।
तुर्किये को भी भेजा था पुराना सामान
यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान राहत सामग्री को लेकर विवादों में आया हो। साल 2022 में तुर्किये में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान, पाकिस्तान ने तुर्किये को वही राहत सामग्री वापस पैक करके भेज दी थी, जो तुर्किये ने 2021 में पाकिस्तान में आई बाढ़ के दौरान मदद के रूप में भेजी थी। इस हरकत के लिए तुर्किये ने पाकिस्तान को फटकार भी लगाई थी।
भारत ने दिखाई दरियादिली
इस बीच, भारत ने पड़ोसी धर्म निभाते हुए श्रीलंका के लिए राहत सामग्री ले जा रही पाकिस्तान की फ्लाइट को अपने एयरस्पेस से गुजरने की मंजूरी दी। पाकिस्तान ने यह रिक्वेस्ट सोमवार दोपहर करीब 1 बजे की थी, और भारत ने मानवीय मदद को देखते हुए महज 4 घंटों के अंदर ही तेजी से यह मंजूरी दे दी। पाकिस्तानी मीडिया के उन शुरुआती दावों को भारत ने खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि भारत ने एयरस्पेस खोलने से इनकार कर दिया है।