मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को घोषणा की कि भोपाल मेट्रो ट्रेन का परिचालन आगामी 21 दिसंबर को शुरू होगा। उन्होंने खजुराहो के कन्वेंशन सेंटर में मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस अवसर पर राज्य को विकास की कुछ अन्य महत्वपूर्ण सौगातें भी मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के समापन के अवसर पर लगभग दो लाख करोड़ रुपये के उद्योगों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।
CMRS से मिला ‘ग्रीन सिग्नल’, PM का आना अभी तय नहीं
भोपाल मेट्रो के परिचालन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जानकारी के अनुसार, कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) ने बीते सप्ताह ही मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के लिए ग्रीन सिग्नल दे दिया था। CMRS टीम ने 12 नवंबर को भोपाल पहुंचकर 13, 14 और 15 नवंबर को डिपो, ट्रैक और ट्रेन का गहन निरीक्षण किया था।
हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि 21 दिसंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मध्य प्रदेश आना अभी तक तय नहीं हुआ है।
6.22 KM का प्रायोरिटी कॉरिडोर
मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि ऑरेंज लाइन के कमर्शियल रन के लिए सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। यद्यपि स्टेशनों पर कुछ काम अभी बाकी है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इसका कमर्शियल रन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन का यह प्रायोरिटी कॉरिडोर 6.22 किलोमीटर लंबा है और इसमें कुल आठ स्टेशन शामिल हैं:
- सुभाष नगर
- केंद्रीय स्कूल
- डीबी मॉल
- एमपी नगर
- रानी कमलापति
- डीआरएम तिराहा
- अलकापुरी
- एम्स