शीतलहर का कहर: 10 राज्यों में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में पारा 6°C तक गिरेगा, कोहरे का अलर्ट

भारत के लगभग 10 राज्यों में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। कई इलाकों में सुबह-शाम घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले 24 घंटों तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसी तरह 9 और 10 दिसंबर को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है तथा 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ भी चल सकती हैं।

कश्मीर घाटी में ठंड दिन-प्रतिदिन तेज होती जा रही है। कई स्थानों पर पारा शून्य डिग्री से नीचे चला गया है और पहलगाम में न्यूनतम तापमान -4.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। अगले 24 घंटों में ऊँची पहाड़ियों पर ताजा हिमपात की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 9 से 12 दिसंबर के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में सुबह के समय कई जगहों पर घना कोहरा भी छा सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी शीतलहर का असर तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँचने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में काफ़ी ठंड दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश में तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान पंजाब के फरीदकोट और गुरदासपुर में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

घने कोहरे की चेतावनी

9 से 12 दिसंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में जगह-जगह घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा पड़ने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है।