जयपुर में वर्धमान ग्रुप पर आयकर विभाग का छापा:  मिला करोड़ों का कैश, मशीन से हो रही गिनती

आयकर विभाग (इनकम टैक्स डिपार्टमेंट) ने जयपुर में वर्धमान ग्रुप के रियल एस्टेट और शिक्षा (एज्युकेशन) क्षेत्र से जुड़े आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर बुधवार सुबह छापा मारा। टैक्स चोरी की शिकायत के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

आयकर विभाग की टीम आज सुबह मानसरोवर स्थित वर्धमान स्कूल परिसर में बने ग्रुप के मेन ऑफिस में पहुंची। जाँच के दौरान, टीम को ऑफिस में करोड़ों रुपये का कैश मिला, जिसे देखकर अधिकारी भी चौंक गए। इतने बड़े कैश की गिनती के लिए विभाग को तत्काल नोट गिनने वाली मशीन मंगवानी पड़ी।

टैक्स चोरी की शिकायत पर कार्रवाई

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वर्धमान ग्रुप पर कैश में बड़े लेन-देन करके आयकर चोरी करने की शिकायतें मिली थीं, जिसके आधार पर यह छापेमारी की जा रही है। आयकर विभाग की टीम ग्रुप के अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चला रही है।

ग्रुप के मुख्य अधिकारियों के बैंक अकाउंट, प्रॉपर्टी दस्तावेज, और डिजिटल डिवाइस को खंगाला जा रहा है, ताकि टैक्स चोरी से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा सकें। मानसरोवर स्थित मेन ऑफिस में कागजातों और अलमारियों की गहन छानबीन की जा रही है, जहाँ से यह भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है।