‘तंत्र-मंत्र’ के दौरान 3 लोगों की संदिग्ध मौत, 5 लाख को 2.5 करोड़ बनाने का था दावा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तंत्र-मंत्र के कथित अनुष्ठान के दौरान 3 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बुधवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र के बरबसपुर स्थित एक स्क्रैप यार्ड के कमरे से स्क्रैप व्यवसायी अशरफ मेमन, तुलसी नगर निवासी सुरेश साहू और दुर्ग निवासी नीतीश कुमार के शव बरामद किए गए।

5 लाख को 2.5 करोड़ बनाने की थी योजना

पुलिस की शुरुआती जाँच में सामने आया है कि इस घटना का केंद्र पैसे को कई गुना बढ़ाने का लालच था। बिलासपुर निवासी कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार अपने तीन साथियों के साथ बुधवार रात कोरबा पहुँचा था। इन लोगों ने दावा किया था कि 5 लाख रुपए को तंत्र-मंत्र की शक्ति से 2.5 करोड़ रुपए में बदल दिया जाएगा, जिसे बाद में सभी में बराबर बाँटा जाना था।

रात करीब 11 बजे स्क्रैप यार्ड में कथित अनुष्ठान शुरू हुआ। तांत्रिक राजेंद्र कुमार ने तीनों मृतकों (अशरफ, सुरेश, नीतीश) को एक-एक करके अलग कमरे में बुलाया। उन्हें नींबू दिया गया, जमीन पर रस्सी से घेरा बनाया गया और कमरे में बंद कर दिया गया। तांत्रिक ने निर्देश दिया था कि कमरे का ताला 30 मिनट से 1 घंटे बाद खोला जाएगा।

निर्धारित समय बाद तीनों मृत मिले, जहरखुरानी की आशंका

निर्धारित समय के बाद जब कमरे का ताला खोला गया, तो तीनों व्यक्ति मृत पड़े मिले। यह देखकर मौजूद लोग घबरा गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तांत्रिक राजेंद्र कुमार के साथ आए एक साथी, अश्वनी कुर्रे ने बताया कि तंत्र-मंत्र कराने के बाद तीनों की मौत हो गई, लेकिन यह कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। इस घटना के बाद से राजेंद्र कुमार फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शुरुआती जाँच में जहरखुरानी का संदेह गहरा रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और स्क्रैप यार्ड को सील कर दिया गया है। पुलिस राजेंद्र कुमार और उसकी टीम से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह महज तंत्र-मंत्र का धोखा था या किसी सुनियोजित साजिश का नतीजा।