सूरजपुर जिले के नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चावल के बोरे निकालने के दौरान कोल्ड स्टोरेज की दीवार अचानक ढह गई, जिससे उसके नीचे दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है।
चावल का भार नहीं सह पाई कमजोर दीवार
यह हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि कोल्ड स्टोरेज की दीवार कमजोर थी और अंदर रखे चावल के अत्यधिक भार को सहन नहीं कर पाई। दीवार गिरने से चार मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो अन्य मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और मजदूर ने दम तोड़ दिया।
प्रशासन मौके पर, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर सहित वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और राहत व बचाव कार्यों के निर्देश दिए।
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने बताया कि मलबा हटाकर यह सुनिश्चित कर लिया गया है कि कोई और मजदूर नहीं दबा है। उन्होंने घोषणा की है कि प्रोविडेंट फंड (PF) के नियमों के अनुसार मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज के बाहर ग्रामीण मृतक मजदूरों के लिए मुआवजे और संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं। मौके पर तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है।