भोपाल में बना दुनिया का सबसे लंबा सैंडविच: IHM ने 7 मिनट में रचा कीर्तिमान

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल ने रविवार को दुनिया के सबसे लंबे सैंडविच का रिकॉर्ड बनाते हुए इतिहास रच दिया। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM) भोपाल के छात्रों और फैकल्टी ने मिलकर 269.9 फीट लंबा और लगभग 8 इंच चौड़ा यह विशाल सैंडविच सिर्फ 7 मिनट 26 सेकंड के रिकॉर्ड समय में तैयार किया।

लिम्का बुक में दर्ज हुआ अस्थायी रिकॉर्ड

यह पूरा आयोजन लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम की देखरेख में हुआ, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण और वीडियोग्राफी की। IHM भोपाल के प्रिंसिपल डॉ. रोहित सरीन के अनुसार, रिकॉर्ड फिलहाल दर्ज कर लिया गया है, हालांकि फाइनल अप्रूवल मिलने में लगभग दो से ढाई महीने का समय लग सकता है। आयोजकों का दावा है कि यह अपने आप में दुनिया का एक अनोखा और विशिष्ट रिकॉर्ड है।

सैंडविच बनाने की विशेष तैयारी

इस अनोखे सैंडविच को बनाने के लिए 300 फीट लंबी टेबल का इस्तेमाल किया गया था। प्रिंसिपल डॉ. सरीन ने बताया कि चुनौती थी एकसमान ब्रेड पीस तैयार करने की। इसके लिए 24 इंच लंबे ब्रेड लोफ्स (ब्रेड के गट्ठे) को विशेष रूप से तैयार किए गए एडिबल ग्लू (खाने योग्य गोंद) की सहायता से जोड़ा गया, जिससे 269.9 फीट लंबा एक अखंड ब्रेड बेस तैयार हो सका।

स्वाद और सटीकता थी मुख्य चुनौती

इतनी विशाल कृति में स्वाद और गुणवत्ता की निरंतरता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती थी। डॉ. सरीन ने बताया कि यह सुनिश्चित करना कठिन था कि सैंडविच के हर हिस्से का स्वाद एक जैसा हो। इसके लिए सब्जियों को समान आकार में काटा गया। पूरे सैंडविच में एक ही रेसिपी और सामग्री का उपयोग किया गया।

इसमें तीन तरह के लैट्यूस, कैप्सिकम, तीन प्रकार के बेल-पेपर, ओलिव्स, जलेपिनो और लगभग 5 से 6 तरह के स्प्रेड्स (सॉस) का इस्तेमाल किया गया। कुल मिलाकर इसमें पाँच तरह के सॉस, विभिन्न सलाद, पर्पल कैबेज, प्याज आदि शामिल थे।

इस मेगा इवेंट के लिए IHM के छात्रों को 6 टीमों में बाँटा गया था, जिनमें से प्रत्येक टीम को सैंडविच के लगभग 40 फीट लंबे हिस्से को तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

प्रिंसिपल डॉ. रोहित सरीन पहले भी रिकॉर्ड बनाने में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने 100 फीट लंबा सैंडविच बनाया था, और 2017 में जालंधर में मात्र 5 मिनट में 228 ऑमलेट तैयार करने का रिकॉर्ड भी दर्ज कराया था।