राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन व्यक्तियों की आग लगने से मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर के अस्पताल में भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही एक पिकअप वाहन किसी अन्य वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में तुरंत आग भड़क उठी और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। वाहन में फंसे तीन यात्री बाहर नहीं निकल पाए और जिंदा जल गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश की, लेकिन आग की तेजी के कारण कुछ नहीं हो सका।
यह हादसा रैणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 131.5 के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, पुलिस उनके परिजनों और वाहन की डिटेल्स से जानकारी जुटा रही है।