फायर विंग में लापरवाही पर उपायुक्त मोनिका सोनी की छुट्टी, प्रवीण कुमार को कमान

जयपुर नगर निगम प्रशासन ने फायर शाखा में बढ़ती कार्यगत शिथिलता और फाइलों के निस्तारण में हो रही अत्यधिक देरी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निगम कमिश्नर गौरव सैनी ने बुधवार को एक आदेश जारी कर उपायुक्त (फायर) मोनिका सोनी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनकी जगह अब प्रवीण कुमार को फायर शाखा के उपायुक्त पद का कार्यभार सौंपा गया है।

पेंडेंसी और फाइलों के ‘रिजेक्शन’ पर उठ रहे थे सवाल

सूत्रों के मुताबिक, फायर विंग में पिछले कुछ समय से कामकाज की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। मोनिका सोनी के खिलाफ प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शाखा में फाइलों का अंबार लगा हुआ है और समय पर निर्णय नहीं लिए जा रहे हैं। सबसे गंभीर आरोप यह था कि कई फाइलों पर बिना किसी स्पष्ट आधार या डिसीजन के उन्हें सीधे निरस्त (Cancel) किया जा रहा था। इन शिकायतों की पुष्टि होने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

मूल पद पर वापसी: आदर्श नगर जोन भेजी गईं

मोनिका सोनी का मूल पद राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) का है, लेकिन वे लंबे समय से अपनी योग्यता से उच्च पद (उपायुक्त) पर कार्य कर रही थीं। निगम में उनके पदोन्नति और नियुक्तियों को लेकर पहले भी कई बार विवाद और चर्चाएं रही हैं। ताजा आदेश के बाद उन्हें उपायुक्त पद से मुक्त कर आदर्श नगर जोन में राजस्व अधिकारी के रूप में नई नियुक्ति दी गई है।

प्रशासन का कड़ा संदेश

नगर निगम कमिश्नर के इस फैसले को निगम की कार्यप्रणाली में सुधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले सोनी नगर निगम हेरिटेज में उपायुक्त (उद्यान) और अन्य महत्वपूर्ण विंग्स में भी तैनात रह चुकी हैं। नए उपायुक्त प्रवीण कुमार के सामने अब फायर शाखा की लंबित फाइलों का तेजी से निपटारा करने और व्यवस्था को पटरी पर लाने की बड़ी चुनौती होगी।