नया साल, नए नियम; 1 जनवरी 2026 से बदल गई आपकी वित्तीय दुनिया, जानें जेब पर क्या होगा असर

वर्ष 2026 के आगमन के साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था और आम आदमी की जीवनशैली से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बड़ा बदलाव हो गया है। बैंकिंग से लेकर रेलवे और टैक्स से लेकर वेतन तक, सरकार और नियामक संस्थाओं ने ऐसी व्यवस्थाएं लागू की हैं जिनका सीधा प्रभाव आपकी वित्तीय योजना पर पड़ेगा। 1 जनवरी से प्रभावी हुए इन बदलावों का उद्देश्य पारदर्शिता लाना और प्रक्रियाओं को और अधिक आधुनिक बनाना है।

अब हर हफ्ते अपडेट होगा क्रेडिट स्कोर

नए साल का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी बदलाव बैंकिंग क्षेत्र में देखने को मिला है। अब क्रेडिट ब्यूरो आपके क्रेडिट स्कोर को हर 15 दिन के बजाय हर हफ्ते अपडेट करेंगे। यह उन ग्राहकों के लिए बड़ी राहत है जो लोन या क्रेडिट कार्ड लेने की योजना बना रहे हैं। अब आपके द्वारा किए गए लोन रीपेमेंट या प्रीपेमेंट की जानकारी आपके रिकॉर्ड में तेजी से दर्ज होगी, जिससे बैंक आपकी वर्तमान वित्तीय स्थिति का सटीक आकलन कर तुरंत निर्णय ले सकेंगे।

8वें वेतन आयोग की सुगबुगाहट

देश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 2026 एक बड़ी उम्मीद लेकर आया है। 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है, जिससे 8वें वेतन आयोग के लागू होने की संभावना प्रबल हो गई है। हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन माना जा रहा है कि कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से बढ़े हुए वेतन का लाभ एरियर के रूप में मिल सकता है।

वित्तीय सुरक्षा के मद्देनजर सरकार ने पैन को आधार से लिंक करना अनिवार्य कर दिया है। जिन लोगों ने 31 दिसंबर तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके पैन कार्ड आज से निष्क्रिय (Inoperative) हो सकते हैं। इसका सीधा मतलब है कि आपको बैंकिंग लेनदेन, डीमैट खाता खोलने और प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं, टैक्सपेयर्स के लिए वित्त वर्ष 2025-26 का रिवाइज्ड रिटर्न भरने की समयसीमा भी समाप्त हो गई है। आज से आप अपने पुराने रिटर्न में सुधार नहीं कर पाएंगे। अब केवल ‘अपडेटेड रिटर्न’ (ITR-U) का विकल्प ही शेष है, जिसके लिए आपको अतिरिक्त पेनल्टी चुकानी पड़ सकती है।

आधार वेरिफाइड यात्रियों को टिकट में प्राथमिकता

भारतीय रेलवे ने टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। 5 जनवरी 2026 से उन यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनका प्रोफाइल आधार से वेरिफाइड है। ऐसे यूजर्स एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के पहले दिन सुबह 8 बजे से विशेष बुकिंग विंडो का लाभ उठा सकेंगे। 12 जनवरी से इस सुविधा का विस्तार रात 12 बजे तक कर दिया जाएगा, जिससे वास्तविक यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।