जयपुर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र सीकर हाउस कपड़ा मार्केट में गुरुवार रात एक बेडशीट गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते तीसरी मंजिल पर स्थित पूरा गोदाम आग के गोले में तब्दील हो गया। संकरी गलियों और फायर ब्रिगेड के पहुंचने का रास्ता न होने के कारण अग्निशमन दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और दूसरी इमारत की छत पर चढ़कर आग पर काबू पाया गया।
रात के सन्नाटे में फैली दहशत
संजय सर्किल थाना प्रभारी (SHO) उमेश बेनीवाल के अनुसार, यह हादसा दिनेश मोहन के बेडशीट गोदाम में रात करीब 11:45 बजे हुआ। बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठते देख स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बनीपार्क व घाटगेट फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं, लेकिन मार्केट में रास्ता बेहद संकरा होने के कारण फायर टेंडर गोदाम तक नहीं पहुंच सके।
दूसरी छत बनी सहारा
आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड सहित तीन गाड़ियों को काम पर लगाया गया। रास्ता न होने की स्थिति में दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाई और पड़ोस की एक बिल्डिंग पर चढ़कर होज पाइप के जरिए पानी की बौछारें शुरू कीं। करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका जा सका और पूरी तरह बुझाया गया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल और बेडशीट्स जलकर राख हो चुके थे।
लाखों का नुकसान, शॉर्ट सर्किट की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ जब गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर जयपुर के पुराने बाजारों में सुरक्षा मानकों और फायर ब्रिगेड की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।