जबलपुर हिट एंड रन: मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हुई, परिजनों ने किया चक्काजाम; आरोपी अब भी फरार

जबलपुर के बरेला क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने अब उग्र रूप ले लिया है। अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और महिलाओं की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 5 हो गई है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया है, जिससे करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।

इलाज के दौरान 3 और मजदूरों ने तोड़ा दम

हादसे के वक्त चैनवती बाई और लच्छो बाई की मौके पर ही मौत हो गई थी। रविवार देर रात इलाज के दौरान गोमता बाई (40), वर्षा कुशराम (45) और कृष्णा बाई (40) ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में कुल 13 मजदूर कार की चपेट में आए थे, जिनमें से अब तक 5 की जान जा चुकी है।

मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

हादसे से नाराज ग्रामीण शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर समझाइश देने की कोशिश कर रही है, लेकिन ग्रामीण ठोस आश्वासन मिलने तक हटने को तैयार नहीं हैं।

आरोपी की पहचान हुई, तलाश जारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि बिना नंबर की सफेद कार मझौली निवासी दीपक सोनी के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार दीपक का भाई लखन सोनी चला रहा था, जो पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट है। पुलिस ने दीपक सोनी को हिरासत में ले लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी लखन सोनी अब भी फरार है।

क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। एएसपी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम टोल नाकों और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।