भोपाल में शुरू हुआ दो दिवसीय राष्ट्रीय न्यायिक सम्मेलन, सीजेआई सूर्यकांत पहुंचे

राजधानी भोपाल स्थित नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हो गया है। यह सम्मेलन उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।

सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। यह लंबे अंतराल के बाद भोपाल में इतने बड़े पैमाने पर उच्च न्यायालयों के प्रमुखों का एक साथ जमावड़ा है।

सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत के लिए मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद मध्य प्रदेश का यह पहला दौरा है। सम्मेलन की मुख्य थीम ‘एकीकृत, कुशल और जन-केंद्रित न्यायपालिका’ रखी गई है। इस अवसर पर सीजेआई देशभर के न्यायाधीशों को संबोधित करेंगे और न्याय व्यवस्था को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, तेज और प्रभावी बनाने के मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। सम्मेलन के दौरान न्यायिक सुधारों, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर मंथन किया जाएगा।

सीजेआई के भोपाल प्रवास की तैयारियां

जस्टिस सूर्यकांत के आगमन और उनके नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी पहुंचने तक की पूरी व्यवस्था प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के जिम्मे है। उनके प्रवास के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता भी उनसे मुलाकात कर सकेंगे।