द्वारकापुरी क्षेत्र में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा की क्रूर हत्या के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी पीयूष धमनोतिया (मंदसौर निवासी) की तलाश में जुटी हुई है। जांच में पता चला है कि आरोपी की लोकेशन इंदौर से लगभग 1000 किलोमीटर दूर एक पिकनिक स्थल पर ट्रेस हुई है, जहां वह मृतका के मोबाइल फोन को सक्रिय करके उपयोग कर रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही इंदौर पुलिस की विशेष टीमें शुक्रवार शाम को आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना हो गईं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 10 फरवरी की रात की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी शाम करीब 8 बजे अपने किराए के कमरे से निकला दिखा। उसके बाद उसकी लोकेशन अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती के साथ संबंध बनाए रखने से इनकार किया और इसी विवाद के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने युवती के मोबाइल से रात 11 बजे उसकी बहन को संदेश भेजा, जिसमें लिखा था – “पापा से कहना अब वह घर नहीं लौटेगी।” इस संदेश के बाद परिजनों ने युवती की सहेलियों से संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने दोनों के बीच बने 11 आपत्तिजनक वीडियो को कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किया। इसके अलावा, युवती के व्हाट्सएप स्टेटस पर भी अपलोड किए और उसके संपर्कों में मौजूद सभी नंबरों पर भेज दिए, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में भारी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन पंढरीनाथ थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के पिता से पूछताछ की और जांच आगे बढ़ाई। गुरुवार रात जांच अधिकारी गोकुल मालवीय आरोपी के कमरे पर पहुंचे, जहां बाहर ताला लगा मिला। मकान मालिक की मौजूदगी में एक और ताला लगवाकर पुलिस ने कमरे की निगरानी के कड़े निर्देश दिए हैं।
परिवार गहरे सदमे में ह, युवती की छोटी बहन की तबीयत बिगड़ गई और वह कई बार बेहोश हो गई। परिजनों के अनुसार, युवती पहले ही आरोपी के बारे में परिवार को बताने वाली थी, लेकिन उसने कहा था कि आरोपी का परिवार सहमत होने पर ही सब कुछ खुलासा करेगी।