ग्वालियर में एक पुलिस आरक्षक की पत्नी के साथ चोरी की घटना ने पुलिस को अलर्ट कर दिया है। पड़ाव थाना क्षेत्र के बजरिया चौकी के निकट डीबी मॉल वाली क्रॉसिंग पर शुक्रवार रात एक महिला ने पीड़िता के पर्स से सोने की झुमकियां चुरा लीं।
पीड़िता माधौपुर टेकनपुर की रहने वाली नीतू सिंह (पुलिस आरक्षक रविंद्र सिंह की पत्नी) शुक्रवार को इंदौर जाने के लिए ग्वालियर बस स्टैंड पहुंची थीं। बस से उतरने के बाद वे पैदल रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं। क्रॉसिंग पार करते समय एक अज्ञात महिला उनके पीछे-पीछे चलने लगी। अचानक महिला ने नीतू के पर्स को पकड़ लिया। जब नीतू ने इसका विरोध किया और कारण पूछा, तो महिला तुरंत एक ऑटो में सवार होकर मौके से फरार हो गई।
ट्रेन में चढ़ने के बाद जब नीतू ने अपना पर्स खोला, तो पता चला कि उसमें रखी सोने की झुमकियां गायब हैं। इसके बाद उन्होंने इंदौर का सफर रद्द कर दिया और वापस बजरिया पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच की। फुटेज में संदिग्ध महिला पीड़िता के पीछे आती हुई और बाद में ऑटो में भागती दिखाई दी है। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध महिला की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश जारी है। भीड़भाड़ वाले इलाके में होने के कारण जांच में समय लग सकता है, लेकिन जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।