शिवनेरी किले पर शिवजयंती: भीड़ से भगदड़, कई श्रद्धालु घायल

पुणे के जुन्नर तालुका में छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली शिवनेरी किले पर शिवजयंती के अवसर पर इस वर्ष भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। राज्य के विभिन्न हिस्सों से शिवज्योति लेकर पहुंचे युवा, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और दर्शन के लिए आए भक्तों की वजह से किला परिसर रात भर से ही खचाखच भरा रहा।

भीड़ के कारण बनी भगदड़ जैसी स्थिति

बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की कमी के चलते हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए। किले के अंबरखाना के नीचे स्थित हाथी दरवाजा और गणेश दरवाजा जैसे संकरे मार्गों पर अचानक हजारों लोग एक साथ आगे बढ़ने लगे। संकरी राहों में धक्का-मुक्की मचने से भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

इस दौरान कई महिलाएं और छोटे बच्चे गिर गए, जबकि कुछ लोग हल्की चोटिल हुए। घायलों को तुरंत जुन्नर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सौभाग्य से इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

प्रशासन पर सवाल

हर वर्ष शिवजयंती पर शिवनेरी किले पर लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए पहले से ही प्रवेश-निकास की स्पष्ट योजना, बैरिकेडिंग, अतिरिक्त पुलिस बल और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।