इंदौर: पत्नी की दूसरी शादी की बात बताने के बाद युवक ने लगाई फांसी

इंदौर के गांधी नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 40 वर्षीय युवक पप्पू पुत्र उमराव सिंह ने शनिवार शाम को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस और परिजनों के अनुसार, पप्पू के बच्चे जब कमरे में पहुंचे तो उन्होंने अपने पिता को फंदे पर लटका हुआ देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने बताया कि शनिवार को पप्पू की पत्नी ज्योति से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान पत्नी ने उसके साथ नहीं रहने और दूसरी शादी करने की बात कही। इस बात से आहत होकर पप्पू ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।

पप्पू के पिता उमराव सिंह ने बताया कि बेटे के मोबाइल में पत्नी से हुई आखिरी बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पप्पू की पत्नी ज्योति लगभग दो साल पहले घरेलू विवाद के कारण दोनों बच्चों को उसके पास छोड़कर चली गई थी। तब से पप्पू अपने बच्चों के साथ गांधी नगर में रह रहा था। वह मूल रूप से बड़वानी जिले का निवासी था और हेममाली (हैमर मिल) का काम करता था।