राहुल गांधी तेलंगाना पहुंचे: CM रेवंत रेड्डी ने किया स्वागत, विकाराबाद में कांग्रेस प्रशिक्षण सत्र में होंगे शामिल

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे। शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर पहुंचते ही राहुल गांधी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ सीधे विकाराबाद जिले के लिए रवाना हो गए। वहां वे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘संगठन सृजन अभियान’ के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यह प्रशिक्षण शिविर 21 फरवरी से शुरू हुआ था, जिसमें दोनों राज्यों के डीसीसी अध्यक्षों ने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। राहुल गांधी समापन सत्र के दौरान डीसीसी अध्यक्षों को संबोधित करेंगे और पार्टी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।