मध्य प्रदेश सरकार ने होली के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस फैसले के बाद अब महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है, जो केंद्र सरकार के स्तर के बराबर है।
इस बढ़ोतरी का लाभ कर्मचारियों को अप्रैल 2026 के वेतन से मिलेगा, जिसका भुगतान मई 2026 में किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सभी शासकीय सेवकों को अप्रैल (मई में भुगतान) 2026 के वेतन में 58 प्रतिशत डीए मिलेगा। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के बकाया एरियर की राशि मई 2026 से शुरू होकर छह समान किस्तों में दी जाएगी। पेंशनर्स को भी लाभ मिलेगा। उन्हें जनवरी और फरवरी 2026 की पेंशन में 58 प्रतिशत के हिसाब से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत बड़वानी में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, और शाम को कर्मचारियों व पेंशनर्स की भलाई के लिए भी यह कदम उठाया गया।
इसके अलावा, सरकार ने ट्रेजरी अधिकारियों को एक और सुविधा प्रदान की है। अब वे कार्य के दौरान किराए की गाड़ी का उपयोग कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने ट्रेजरी अधिकारियों के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए 1 अप्रैल 2026 से इस सुविधा को मंजूरी दे दी है। ट्रेजरी अधिकारी राज्य के खजाने के प्रबंधन, बिल भुगतान, पेंशन वितरण और वित्तीय रिकॉर्ड रखरखाव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं।