ग्वालियर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। थाटीपुर क्षेत्र के एक युवक को व्हाट्सएप पर ‘आरटीओ ई-चालान कॉपी’ नाम से भेजी गई एक एपीके फाइल खोलते ही उसके बैंक खाते से 2 लाख 12 हजार रुपये निकाल लिए गए। यह घटना 27 फरवरी को तृप्ति नगर में हुई, जबकि पुलिस ने 3 मार्च को प्रकरण दर्ज किया।
पीड़ित शशांक गुप्ता, जो एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, को अज्ञात नंबर से यह फाइल मिली। उन्हें लगा कि यह कोई ई-चालान से संबंधित दस्तावेज है, इसलिए उन्होंने फाइल को खोल लिया। फाइल खुलते ही उनका मोबाइल 7-8 मिनट तक हैंग हो गया। बाद में फोन सामान्य हो गया, लेकिन उन्हें किसी अनियमितता का शक नहीं हुआ।
लगभग एक घंटे बाद उनके मोबाइल पर बैंक से मैसेज आने शुरू हुए कैनरा बैंक खाते से 89 हजार, 60 हजार और 63 हजार रुपये के ट्रांसफर की सूचना मिली। कुल मिलाकर 2 लाख 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
शशांक तुरंत बैंक पहुंचे, जहां उन्हें साइबर फ्रॉड की पुष्टि हुई। शुरू में स्थानीय थाने में शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया। इसके बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, ठगों ने इस एपीके फाइल के माध्यम से पीड़ित के मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल कर दिया, जिसकी मदद से बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर किए गए।