राजस्थान के नागौर जिले में नेशनल हाईवे-458 पर बुधवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। केमिकल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें तेजी से आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी ऊंची और भयावह थीं कि वे लगभग दो किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रही थीं।
हादसा डेह क्षेत्र में कुंजल माता मंदिर के निकट हुआ। टैंकर गुजरात के गांधीधाम से 30 टन ‘एमिके’ केमिकल लेकर हरियाणा के सोनीपत की ओर जा रहा था। मोड़ पर ड्राइवर लुकमान खान ने बताया कि सामने से एक ट्रेलर ने अचानक ओवरटेक किया और उसके सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में टैंकर बेकाबू हो गया, पलट गया और तुरंत आग लग गई। ड्राइवर ने केबिन का शीशा तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई।
टैंकर पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही सुरपालिया थाना पुलिस और नगर परिषद की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता देखते हुए कुल चार दमकल लगाई गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे को दोनों ओर से अस्थायी रूप से बंद कर दिया। मौके पर छह एम्बुलेंस भी तैनात रखी गईं। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।