मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल इन दिनों युवा उद्यमिता और नेतृत्व के केंद्र के रूप में उभर रही है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) की युवा विंग यंग इंडियंस के भोपाल चैप्टर द्वारा 13 से 15 मार्च तक तीन दिवसीय वेस्टर्न रीजन काउंसिल मीटिंग 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस क्षेत्रीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा सहित पश्चिमी क्षेत्र के पांच राज्यों के 15 विभिन्न शहरों से 200 से अधिक युवा उद्यमी, व्यवसायी और पेशेवर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नेतृत्व विकास, उद्यमशीलता को बढ़ावा और सामाजिक उत्तरदायित्व के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है।
रोमांचक उद्घाटन छोटी झील पर
आज यानी 13 मार्च को दोपहर 2 बजे भोपाल की प्रसिद्ध छोटी झील (लोअर लेक) पर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसमें प्रतिभागियों के बीच चप्पू रेस (बोट रेस) का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने किया। यह गतिविधि टीम भावना को मजबूत करने के साथ-साथ भोपाल की प्राकृतिक सुंदरता से युवाओं को परिचित कराने का माध्यम बनी।
मुख्यमंत्री करेंगे मुख्य सत्र का उद्घाटन
कल 14 मार्च को सुबह 9 बजे होटल ताज में मुख्य सम्मेलन सत्र आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस दौरान गिरनार टी, कायम चूर्ण, हाथी मसाला और कोहिनूर इलास्टिक्स जैसे प्रतिष्ठित उद्योग समूहों के प्रतिनिधि युवा नेताओं के साथ अपने अनुभव और सफलता की कहानियां साझा करेंगे। भोपाल चैप्टर की चेयर कुहू शर्मा, सीपी शर्मा (दौलतराम इंजीनियरिंग), अरुण राठौर और अनुज अग्रवाल जैसे प्रमुख व्यक्ति भी इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता
कार्यक्रम के तीसरे दिन 15 मार्च को प्रतिभागी वन विहार नेशनल पार्क का दौरा करेंगे, जहां वे जैव-विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त करेंगे।