भोपाल के कटारा हिल्स में दुकान में आग, दमकल देर से पहुँची

कटारा हिल्स इलाके में एक रजाई-गद्दे की दुकान में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे करीब 20 फीट ऊपर तक उठ रही थीं। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचने में लगभग 45 मिनट की देरी कर दी।

यह घटना कटारा हिल्स के स्प्रिंग वैली क्षेत्र में हुई, जहां श्री वृंदावन फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट के ठीक पास यह दुकान स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर दमकल विभाग समय पर पहुंच जाता तो आग पर जल्दी नियंत्रण पाया जा सकता था और नुकसान कम होता।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई तो कर्मचारियों ने शुरू में वाहन खराब होने की बात कही। इसके बाद उन्होंने कुछ संसाधन जुटाए, गाड़ी ठीक की और फिर आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, तब तक दुकान में लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था।

इस देरी से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई है। कई लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और प्रशासन जांच कर रहा है।