अमेरिका और ईरान के बीच लगभग 40 दिनों से चल रहे संघर्ष को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात 8 बजे की डेडलाइन से ठीक पहले दो हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा की।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। शर्त है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत, पूरी तरह और सुरक्षित तरीके से खोल दे। यह दोतरफा युद्धविराम होगा।
ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। ईरान की तरफ से 10 सूत्रीय प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत का आधार माना जा रहा है। दो हफ्ते में स्थायी समझौता अंतिम रूप ले सकता है।
पाकिस्तान की भूमिका
पाकिस्तान ने मध्यस्थता की। पीएम शहबाज शरीफ ने ट्रंप से डेडलाइन दो हफ्ते बढ़ाने की अपील की और ईरान से होर्मुज खोलने का अनुरोध किया। उन्होंने दोनों पक्षों को 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने युद्धविराम स्वीकार कर लिया है।