आज देश के तीन राज्यों- केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई है और मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान शुरू होते ही “X” पर तीनों राज्यों की जनता से भारी संख्या में वोट डालने की अपील की। पीएम मोदी ने लिखा कि केरल की जनता से विशेष आग्रह है कि वे 2026 के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड तोड़ मतदान करें। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से आगे आकर वोट देने का अनुरोध किया, जिससे राज्य के लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊर्जा मिलेगी।
असम के संदर्भ में पीएम मोदी ने कहा, “असम की जनता से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें। युवा और महिला मतदाता उत्साह के साथ भाग लें और इस चुनाव को लोकतंत्र का उत्सव बनाएं।”
पुडुचेरी के लिए भी प्रधानमंत्री ने सभी मतदाताओं से भारी मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करने की अपील की और कहा कि पुडुचेरी के भविष्य को आकार देने में हर वोट महत्वपूर्ण है।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी एक्स पर पोस्ट कर जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें। उन्होंने लिखा, “आज असम में मतदान हो रहा है। बेहतर असम के निर्माण में हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व पर सभी आगे आएं ताकि असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके।”
चुनावी आंकड़ों के अनुसार, असम की 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि केरल की 140 सीटों पर 890 उम्मीदवार और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 294 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कुल मिलाकर तीनों राज्यों की 296 सीटों पर आज मतदान हो रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मतदाताओं से संवैधानिक अधिकार का उपयोग करने की अपील की। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने केरल में एलडीएफ सरकार के दौरान बढ़ती बेरोजगारी और आर्थिक संकट का जिक्र किया। खरगे ने कहा, “ऐसी सरकार को वोट दें जो सुनती हो, परवाह करती हो और काम करके दिखाती हो।” उन्होंने केरल की जनता से प्रगतिशील सोच को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।