लेंसकार्ट के ड्रेस कोड पर बवाल, भोपाल में विरोध प्रदर्शन

भोपाल के न्यू मार्केट रोशनपुरा क्षेत्र में लेंसकार्ट के ड्रेस कोड को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने लेंसकार्ट शोरूम के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर कंपनी की एक कथित पॉलिसी से जुड़ा दस्तावेज वायरल हुआ। इसमें दावा किया गया कि कर्मचारियों को बिंदी, तिलक और कलावा पहनने की अनुमति नहीं है, जबकि हिजाब और पगड़ी को कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी गई है। इस कथित नीति को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

मामले ने और जोर तब पकड़ा जब सोशल मीडिया एक्टिविस्ट शेफाली वैद्य ने प्लेटफॉर्म X पर कथित ग्रूमिंग गाइड का स्क्रीनशॉट साझा किया। उन्होंने कंपनी के संस्थापक पीयूष बंसल से सवाल करते हुए पूछा कि यदि हिजाब की अनुमति है, तो बिंदी और कलावा पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल इस ग्रूमिंग गाइड में यह भी दावा किया गया कि महिला कर्मचारियों को बिंदी और क्लचर लगाने की अनुमति नहीं है, जबकि कलावा या अन्य रिस्ट बैंड पहनने पर भी रोक है। दूसरी ओर, हिजाब और पगड़ी को कुछ शर्तों के साथ स्वीकार किया गया है।

विवाद बढ़ने के बाद पीयूष बंसल ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी कंपनी सभी धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को अपने धार्मिक विश्वास से जुड़े प्रतीकों को पहनने की अनुमति है और किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता।