दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, स्विस फ्लाइट का इंजन लगा आग

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के एक बड़ा हवाई हादसा बाल-बाल टल गया। दिल्ली से स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट एलएक्स-147 के टेकऑफ के दौरान एक इंजन में अचानक खराबी आ गई और उसमें आग की लपटें दिखने लगीं। पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए टेकऑफ रद्द कर दिया और विमान को रनवे पर ही रोक लिया।

एयरबस ए-330 मॉडल का यह विमान रात करीब 1:08 बजे रनवे-28 से उड़ान भरने के लिए तेज गति से दौड़ रहा था। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान उस समय लगभग 104 नॉट्स की रफ्तार तक पहुंच चुका था। इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण आग लगने का खतरा पैदा हो गया, जिसके बाद क्रू ने तत्काल निर्णय लेकर टेकऑफ रोक दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान में सवार यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकालने के लिए इमरजेंसी इवेक्यूएशन शुरू किया गया। यात्रियों को आपातकालीन स्लाइड्स के जरिए विमान से बाहर निकाला गया। इस प्रक्रिया के दौरान हड़बड़ी और अफरा-तफरी मच गई, जिसमें छह यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया गया है।

फ्लाइट में कुल 228 यात्री, चार शिशु और क्रू सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि क्रू सदस्यों को कोई चोट नहीं आई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान को रनवे से हटाए जाने तक अन्य उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा।

स्विस एयरलाइंस ने इस घटना पर बयान जारी कर कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को संपर्क कार्ड भी दिए गए हैं ताकि उनसे निरंतर संपर्क बनाए रखा जा सके।