MP के 21 जिलों में आंधी-बारिश-ओले का अलर्ट 

मध्य प्रदेश में मई महीने की शुरुआत में ही मौसम ने एकाएक तेवर बदल लिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को प्रदेश के 21 जिलों के लिए आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की आशंका है। यह मौसमी गतिविधि 5 मई तक प्रभावी रह सकती है।

जिलों में रहेगा अलर्ट?

अलर्ट वाले जिलों में ग्वालियर, श्योपुर कलां, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच और मंदसौर शामिल हैं। कुछ जिलों में तेज बारिश की संभावना ज्यादा है, जबकि कुछ में ओले भी पड़ सकते हैं।

पिछले दिनों का हाल

पिछले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने बदलाव दिखाया। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर सहित 15 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओले गिरने और तेज हवाओं से पेड़ उखड़ने की घटनाएं भी सामने आईं। किसानों की खड़ी फसलों को इस मौसम से नुकसान पहुंचने की आशंका है।

क्यों बदल रहा है मौसम?

IMD के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम और ऊपरी हवाओं के प्रभाव से यह बदलाव आ रहा है। अगले कुछ दिनों तक मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की-मध्यम बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।