उत्तरप्रदेश: अम्बेडकरनगर में सड़क हादसे में 8 की मौत

रविवार देर रात जिले के जलालपुर क्षेत्र में दोहरी दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। अकबरपुर-जलालपुर मार्ग पर स्थित अशरफपुर भुवा ईंट भट्ठे के पास पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई, फिर घायलों की मदद कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे दो बाइक सवारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बचाने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू कर दी।

इसी दौरान जलालपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित मारुति स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़े मददगारों की भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया। कार की तेज रफ्तार के कारण लोगों को बचने का समय तक नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। दो अन्य गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान:

  • कैफी (32)
  • उत्तम कुमार (24)
  • आदित्य कुमार (25)
  • लालचंद (24)
  • राजू गुप्ता (32)
  • छोटू

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार कार चालक और वाहन की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।