पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच में जुटी स्पेशल टीम ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से दबोचा गया। चंद्रनाथ की हत्या 6 मई को हुई थी। वारदात के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस कई राज्यों में दबिश दे रही थी।
जांच अधिकारियों ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई। लोकेशन ट्रेस कर बक्सर और बलिया में छापेमारी की गई, जहां से तीनों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल तीनों संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह और साजिश का पता लगाने के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और राजनीतिक एंगल समेत कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
चंद्रनाथ मर्डर के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्याकांड को राजनीतिक साजिश बताया था और CBI जांच की मांग की थी। घटना के बाद से समर्थकों में आक्रोश है।
पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बंगाल लाया जा रहा है। कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड मांगेगी।