हिमाचल प्रदेश: चंबा-पठानकोट राजमार्ग पर खाई में गिरी टैक्सी, 6 पर्यटकों की मौत 

हिमाचल प्रदेश के चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक भयानक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना तुनुहट्टी क्षेत्र के काकीरा घार के पास रात करीब तीन बजे हुई। धर्मशाला से डलहौजी जा रही एक इनोवा टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर गुजरात के पर्यटक बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी, जिससे सड़क अत्यधिक फिसलन भरी हो गई थी। आशंका है कि खराब मौसम और सड़क की फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

स्थानीय लोगों ने हादसे की आवाज सुनकर तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद राहत-बचाव दल, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अंधेरे और लगातार हो रही बारिश के बीच मुश्किल ऑपरेशन के बाद घायलों और शवों को खाई से निकाला गया।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान अभी जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडी नंबर की टैक्सी इनोवा थी।

चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामले दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी तेजी से चला रहा है।