सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर एक भयानक सड़क दुर्घटना हो गई। लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही मैजिक वाहन में तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक मैजिक में सवार थे।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। मौके पर ही 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
ट्रक चालक फरार, वाहन जब्त
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहराइच की ओर से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में था। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक (UP 14 HT 5176) को कब्जे में ले लिया है। यह ट्रक बरेली के नगला फरीदपुर निवासी शेर सिंह के नाम पर दर्ज है (दूसरे मालिक) और इसमें गाजियाबाद की नंबर प्लेट लगी हुई है। ट्रक में धान पॉलिश की बोरियां लदी हुई थीं। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
मृतकों की हालत और पहचान
खमरिया सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद 2 महिलाओं समेत 7 पुरुषों के शव लाए गए। कई शव बुरी तरह कुचले हुए थे। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
- जयवीर सिंह
- अदनान
- पवन
प्रधान का बयान
नया गांव के प्रधान प्रदीप वर्मा ने बताया कि मैजिक चालक ने ओवरटेकिंग करने की कोशिश की होगी, जिसके चलते सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई लोग सीटों में फंस गए, जबकि दो लोग सड़क पर गिर गए।